नोएडा में हिंडन व यमुना के संगम से सटे सेक्टर 150 में री-क्रिएशनल ग्रीन सेंटर बनाया जाएगा। बुधवार को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इस प्लान को मंजूरी दे दी गई।
चेयरमैन ने बताया कि जिस जगह यह बनाया जाएगा, वह यमुना नदी और हिंडन का संगम होने के साथ ही नोएडा का आखिरी छोर भी है। यह जमीन ग्रीन बेल्ट के रूप में घोषित है और इसे नए सिरे से विकसित करने का प्लान है।
इसमें विभिन्न खेलों के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसके अलावा योग-साधना व वृद्धाश्रम बनाने की भी योजना है। बहुत जल्द कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और चुनाव बाद काम शुरू किया जा सकता है। हिंडन किनारे री-क्रिएशनल ग्रीन सेंटर पर पहले से ही काम चल रहा है। बांध को नदी की तरफ खिसकाने और जमीन के लिए प्राधिकरण ने सिंचाई विभाग को पत्र लिखा है।
सेक्टर 144 का लैंड यूज बदलने का प्रस्ताव मंजूर
प्राधिकरण ने सेक्टर 144 का लैंडयूज बदलने के संशोधित प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। अब इसे शासन को भेजा जाएगा। अनुमति मिलते ही किसानों को पांच फीसदी आवासीय भूखंड के रूप में आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्राधिकरण ने इस पर भी जन आपत्तियां मांगी थीं। इक्का-दुक्का आपत्तियां ही दर्ज हुईं, जिनको शामिल करते हुए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।