उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस से साफ-साफ कह देना चाहता हूं कि अब देश का कोई बंटवारा नहीं होगा। अगर कोई ऐसा करेगा तो उसके खिलाफ शख्त कार्रवाई की जाएगी। जब पाकिस्तान बना तो वहां के अल्पसंख्यकों के साथ बुरा बर्ताव किया गया। मुझे खबर मिली है कि वहां कल ही एक हिंदू बेटी का अपहरण कर लिया गया है। इस बारे में वो क्या कहेंगे? ये शरणार्थी पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जिस तरह भागे हैं, उसके पीछे एक दर्दनाक कहानी है।
प्रसाद ने कहा कि आजकल कांग्रेस के नेताओं का पाकिस्तान प्रेम बहुत कौतुहल का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इन दिनों संविधान और अभिव्यक्ति की आजादी पर खूब चर्चा की जाती है। यह स्वतंत्रता कुछ विशिष्ट लोगों तक सीमित है क्या। उन्होंने कहा कि देशभर में चल रहे इन विरोधों से लाखों लोग परेशान हैं, लेकिन वे चुप हैं। उन्हें भी बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार है।
इसके बाद प्रसाद ने आप नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल और मनीष सिसोदिया शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े हैं। ये कैसा हिंदुस्तान हम बनाना चाहते हैं? ये कैसी दिल्ली हम बनाना चाहते हैं? दिल्ली में कुछ लोग होंगे जो टुकड़े-टुकड़े के नाम पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। क्या दिल्ली में ऐसे लोगों को जगह मिलनी चाहिए जो असम को भारत से काटने की बात करेंगे?
उन्होंने कहा कि वो लाखों लोग जिनके बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहें, जो दफ्तर नहीं जा पा रहे हैं? जिनकी दुकाने बंद हैं उनकी शांत आवाज केजरीवाल और सिसोदिया को क्यों नहीं सुनाई देती? ये हैं बड़े सवाल।
केजरीवाल का पलटवार
वही, शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन को लेकर अरविंद केजरीवाल ने आज भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा गंदी राजनीति कर रही है। भाजपा नहीं चाहती कि रास्ते खुलें। शाहीन बाग में बंद रास्ते की वजह से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। भाजपा के नेताओं को तुरंत शाहीन बाग जाकर बात करनी चाहिए और रास्ता खुलवाना चाहिए।