फार्म हाउस में रेव पार्टी आयोजन के आरोपी ईको फार्म हाउस के मालिक अमित त्यागी और चार आयोजक चार घंटे तक पुलिस रिमांड पर रहेंगे। पांचों आरोपियों से बुधवार सुबह 10 से दो बजे तक उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में रिमांड की अर्जी दाखिल की थी। मंगलवार को कोर्ट ने इसकी अनुमति दे दी। वहीं, गिरफ्तार 192 लोगों की जमानत पर बुधवार को सुनवाई होगी।
वहीं, रेव पार्टी के आयोजन के दौरान आने वाले उन दो युवकों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने खुद को पुलिस वाला बताया था। पुलिस को आशंका है कि दोनों आबकारी या अन्य विभाग के भी हो सकते हैं। इस मामले की जांच कोतवाली सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अग्रवाल कर रहे हैं। रेव पार्टी का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस व प्रशासन फार्म हाउस में चलने वाली ऐसी पार्टियों के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है।
बता दें कि बीती 4 मई की रात एसएसपी की अगुवाई में पुलिस टीम ने इको फार्म हाउस में चल रही अवैध रेव पार्टी का खुलासा किया था। इसमें 161 युवक व 31 युवतियां गिरफ्तार हुई थीं। यहां बगैर अनुमित के दूसरे राज्यों की शराब परोसी जा रही थी। मामले में फार्म हाउस मालिक अमित त्यागी समेत चार आयोजकों को भी गिरफ्तार किया गया था। जांच में पता चला है कि फार्म हाउस में पिछले करीब एक साल से वीकएंड पर पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। इसके प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर दस-पंद्रह दिन पहले से ही पोस्टर को पोस्ट किए जाते थे। इसके बाद प्रति युवक से 10 हजार रुपये लेकर प्रवेश दिया जाता था।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि, फार्म हाउस मालिक अमित त्यागी व चार आयोजक कपिल सिंह भाटी, पंकज शर्मा, अदनान व बालेश कोहली की चार घंटे की रिमांड मिली है। इस दौरान इनसे पूछताछ की जाएगी और पुलिस व अन्य विभागों से मिलीभगत व अन्य जानकारियां ली जाएगी।