फोटो - नूंह में सवारियों भरी खड़ी इको।
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह शहर से पुनहाना तक चलने वाली इको गाड़ियों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और मनमाना किराया वसूलने का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने एक इको वाहन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है। वायरल वीडियो में वाहन में तय क्षमता से कहीं अधिक यात्रियों को बैठाकर सफर कराया जाता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई इको चालक यात्रियों की सुरक्षा की अनदेखी करते हुए अधिक कमाई के लालच में वाहनों को ओवरलोड चलाते हैं। उनका कहना है कि कई बार विरोध करने पर भी चालक अपनी मनमानी से बाज नहीं आते और यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि भी वसूलते हैं। इससे यात्रियों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है और सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि नूंह–पुनहाना मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि नियमित जांच और चालान की कार्रवाई से ही इस समस्या पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी आवाज उठाएंगे। ट्रैफिक थाना प्रभारी नरेन्द्र का कहना है कि क्षमता से अधिक सवारियों वाले वाहनों पर समय समय पर कार्रवाई करते रहते हैं। इको वाहन चालकों पर भी विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।