बीजेपी के पूर्व सांसद और अब कालकाजी सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी पर दिए गए विवादास्पद बयान पर चौतरफा घिरने के बाद माफी मांगी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, किसी संदर्भ में मेरे द्वारा दिए गए बयान पर कुछ लोग गलत धारणा से राजनीतिक लाभ के लिए सोशल मीडिया पर बयान दे रहे हैं, उन्होंने कहा कि मेरा आशय किसी को अपमानित करने का नहीं था, लेकिन फिर भी अगर किसी भी व्यक्ति को दुख हुआ है, तो मैं खेद प्रकट करता हूं।
'प्रियंका गांधी के गाल की तरह बना देंगे सड़कें'
दरअसल भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान बिधूड़ी ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। रमेश बिधूड़ी ने कालकाजी के लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि जिस तरह संगम विहार और ओखला की सड़कें बना दीं वैसे ही यहां की सड़कें प्रियंका गांधी के गाल की तरह बना देंगे।
'यह घटिया आदमी की बदतमीजी'
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रमेश बिधूड़ी के इस बयान पर नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि यह बदतमीजी सिर्फ इस घटिया आदमी की ही मानसिकता नहीं दिखाती, यह है इसके मालिकों की असलियत, ऊपर से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्कार आपको भाजपा के इन ओछे नेताओं में दिख जाएगे।