- त्योहार की खरीदारी में बढ़ा क्विक कॉमर्स का दखल, डी2सी ब्रांडों ने भी बदली रणनीति
विज्ञापन
- आखिरी समय की खरीदारी और इंपल्स बाइंग को मिल रहा बढ़ावा संवाद न्यूज एजेंसी नई दिल्ली। त्योहारों की खरीदारी का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब राखी, चॉकलेट, गिफ्ट, मिठाई और सामान के लिए बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ रही। मोबाइल ऐप पर सामान चुनने के कुछ ही मिनट में डिलीवरी मिल रही है। महानगरों में त्योहारों के दौरान क्विक कॉमर्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। रक्षाबंधन पर इसका असर राखी, मिठाई, चॉकलेट, फूल और गिफ्ट पैक की खरीदारी में दिखाई दे रहा है। आखिरी समय पर गिफ्ट खरीदने वालों को बाजार की भीड़ से बचने का विकल्प मिल गया है। डी2सी ब्रांडों ने बदली रणनीति- इस बदलाव का फायदा डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर यानी डी2सी कंपनियां भी उठा रही हैं। पहले इनका जोर वेबसाइट और सोशल मीडिया पर था। अब क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म नए उत्पादों और ग्राहकों तक पहुंचने का माध्यम बन रहे हैं। पर्सनल केयर, वेलनेस, स्नैक्स और गिफ्टिंग उत्पादों की मांग बढ़ रही है। क्विक कॉमर्स ने डिलीवरी के साथ खरीदारी का तरीका भी बदला है। अब ग्राहक ऐप पर ऑफर देखकर भी तुरंत खरीदारी कर लेते हैं। इसे इंपल्स बाइंग कहा जाता है। त्योहारों में चॉकलेट, स्नैक्स और गिफ्टिंग उत्पादों पर इसका असर दिखता है।
समय बचाने का विकल्प- नौकरीपेशा परिवारों के लिए यह सुविधा उपयोगी है। ऑफिस और ट्रैफिक के बीच बाजार जाने का समय निकालना मुश्किल होता है। ऐसे में मोबाइल से सामान मंगाना आसान विकल्प है। दुकानदारों के लिए यह प्रतिस्पर्धा का नया दौर है, जहां कीमत, डिलीवरी की गति और सुविधा महत्वपूर्ण हैं।