राज्यसभा सांसद के दिल्ली पब्लिक स्कूल में गार्ड ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में चौंकाने वाली वजह सामने आई है। घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की है।
मुरादनगर के दुहाई के एचआरआईटी कैंपस स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के गार्ड ने रविवार शाम एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डौला गांव निवासी प्रवीण के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से एकनाली बंदूक, खोखा, कारतूस, मोबाइल और 20 रुपये बरामद किए हैं। घटना के बाद से आरोपी गार्ड फरार है। पुलिस के मुताबिक गार्ड ने आपसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल भाजपा के राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल का है।
पुलिस के मुताबिक रविवार को गार्ड शिव विजय और गार्ड उदयवीर ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब 3:30 बजे आसपास के लोगों ने स्कूल में गोली चलने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल के स्टाफ से पूछताछ की।