आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को उद्योगपतियों से भी अब समर्थन मिलने लगा है। बजाज ऑटो के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव बजाज के रूप में अरविंद केजरीवाल को एक मजबूत समर्थक मिला है।
एनडीटीवी से राजीव बजाज ने कहा कि हां, मैं अरविंद केजरीवाल का फैन हूं। बजाज ने कहा कि और मैं उनके विचारों से काफी प्रभावित भी हूं।
जब इस ऑटो दिग्गज के मालिक से पूछा गया कि अगले आम चुनावों को लेकर इस एक साल पुरानी पार्टी को लेकर उन्हें क्या लगता है? उन्होंने कहा कि मुझे नहीं मालूम और मैँ अनुमान लगाकर पार्टी को कम नहीं आंकना चाहता। बजाज कहते हैं कि उन्हें सच में नहीं पता कि 'हवा किस ओर बह रही है' लेकिन उन्हें केजरीवाल के नेतृत्व क्षमता पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा कि अंत में नेता पर ही आकर बात रूकती है। बजाज कहते हैं कि मुझे लगता है कि अरविंद केजरीवाल ऐसे नेता हैं, जिस पर दांव लगाया जा सकता है।
इस युवा उद्योगपति ने कहा कि देश भ्रष्टाचार के कारण परेशान है। आपको आरटीओ में अपनी गाड़ी के लिए नंबर रजिस्टर्ड कराने तक के लिए घूस देना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल के मुकेश अंबानी पर एफआईआर दर्ज कराने के बाद ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि उद्योगजगत केजरीवाल से दूरी बनाकर रखेगा। लेकिन केजरीवाल ने सोमवार को वोट ऑन अकांउट के बाद सीआईआई की बैठक में कहा था कि वह पूंजीवाद के नहीं 'मिलीभगत वाले पूंजीवाद' के खिलाफ हैं।