फरीदाबाद में ट्रेनों से सांड के टकराने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। जून में सांड के टकराने से पंजाब मेल पटरी से उतर गई थी। उसके बाद ओल्ड स्टेशन के पास एक सांड के टकराने की घटना सामने आई थी। बावजूद ट्रैक पर अवारा जानवरों को आने से रोकने के लिए रेलवे द्वारा कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
बुधवार को सुबह हजरत निजामुद्दीन से त्रिवेन्द्रम जा रही राजधानी से सांड के टकराने का मामला सामने आया। गाड़ी की जांच पड़ताल के लिए ओल्ड रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। करीब दस मिनट बाद गाड़ी को आगे रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह हजरत निजामुद्दीन से त्रिवेन्द्रम जाने वाली 12432 त्रिवेन्द्रम राजधानी 10.55 बजे रवाना हुई थी। बताया जाता है कि गाड़ी करीब सवा ग्यारह बजे जैसे ही ओल्ड स्टेशन के पास पहुंची की अचानक एक सांड ट्रैक पर आ गया और राजधानी से टकरा गया।
ट्रेन चालक ने इसकी सूचना स्थानीय रेलवे अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने प्लेटफार्म नंबर तीन पर राजधानी को रोक लिया। उसके इंजन की जांच पड़ताल करने के बाद गाड़ी को आगे रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक केसी मीना का कहना था कि गाड़ी में किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ।