दिल्ली पुलिस के साइबर सेल ने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी भरे और अपमानजनक ईमेल भेजने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यक्ति राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है।
उसपर आरोप है कि पिछले कुछ समय से वह मुख्यमंत्री केजरीवाल को धमकी भरे ईमेल भेजता था। बता दें कि केजरीवाल को इससे पहले भी कई बार इस तरह के ईमेल मिलते रहे हैं। अगस्त 2019 में दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मारने और कांग्रेस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल भेजने के आरोपी उन्नाव निवासी अभिषेक तिवारी को मुंबई से गिरफ्तार किया था।
उसने मुख्यमंत्री केजरीवाल को भेजे दो धमकी भरे मेल में कहा था कि 15 अगस्त से पहले मरने के लिए तैयार हो जाओ। इससे पहले अप्रैल 2019 में यूपी और उत्तराखंड के दो रेलवे स्टेशन मास्टर के पास आतंकवादी संगठन के नाम से चिट्ठी भेजकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राष्ट्रीय स्वंय सेवक के प्रमुख मोहन भागवत को जान से मारने की धमकी दी गई थी।