दिल्ली के एनसीआर समेत उत्तर भारत में चल रही लू के बीच सावन की झमाझम बारिश से मौसम कूल हो गया। दिल्ली-एनसीआर में लू से बेहाल लोगों को रविवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम ने राहत दी।
दिल्ली में 1:30 बजे तक 40 डिग्री तक पहुंचा पारा बारिश के साथ गिरने लगा। बारिश से महज एक घंटे में पारा दस डिग्री गिरकर 30 डिग्री पर आ गया। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार से एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में बारिश और तापमान में गिरावट की भविष्यवाणी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, एनसीआर में रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। पहले धूल भरी आंधी चली जिससे अंधेरा छा गया। तेज हवा के साथ धीरे-धीरे शुरू हुई बारिश तेज हो गई।
तापमान में आई गिरावट
दिल्ली के सफदरजंग व लोधी रोड केंद्र पर 25-26 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा फरीदाबाद, गुड़गांव, नोएडा में भी 8-19 मिमी बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और शाम को छुट्टी का मजा लेने लोग निकल पड़े।
नोएडा में दिन का तापमान 39.8 डिग्री, गाजियाबाद में 39.1 डिग्री, गुड़गांव में 41 डिग्री और फरीदाबाद में 37.8 डिग्री दर्ज किया गया। उधर, सोमवार को पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के छिटपुट क्षेत्रों में लू चल सकती है। मंगलवार से मौसम सुहाना हो जाएगा।
मंगलवार को पश्चिम यूपी, उत्तराखंड, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। इस बीच गुजरात और राजस्थान शेष हिस्सों में मानसून पहुंच जाएगा। उत्तर-पश्चिम भारत समेत देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले दस दिन बारिश होगी।