‘टीम इंडिया प्रत्येक दृष्टि से फिट है। क्रिकेटर रोजाना कुछ करने के साथ ही सीखने के लिए मैदान पर उतरता है। सीनियर से बहुत कुछ सीखना है। आने वाले समय में टीम और बेहतर प्रदर्शन करेगी।’ यह कहना है भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना का। उनका कहना था कि भारत युवाओं का देश है। इसमें प्रत्येक युवा को अपनी प्रतिभा दिखानी होगी।
सुरेश रैना बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी प्रियंका, भाई दिनेश और भाभी नेहा का ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने गाजियाबाद आरटीओ आफिस पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपना डीएल भी रिन्युवल कराया।
अमर उजाला से हुई खास बातचीत में सुरेश रैना ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है। क्रिकेट ही नहीं, प्रत्येक क्षेत्र में वह दुनिया को अपना लोहा मनमाने में सक्षम हैं।
युवाओं को मौका और सुविधा दिए जाने की जरूरत है। क्रिकेट में युवा वर्ग का खास रुझान है। ऐसे में देश में क्रिकेट का भविष्य उज्जवल है। उन्होंने कहा कि सरकार को गांवों में युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने की जरूरत है, जिससे नई पीढ़ी अपनी क्षमता और ऊर्जा केसाथ मैदान का रुख करे।
शाम 4 बजे आरटीओ आफिस पहुंचे रैना परिवार के साथ प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट नितिन मदान भी थे। इस दौरान अव्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से डीएल सेक्शन को खाली करा लिया गया था।
आरटीओ मयंक ज्योति, एआरटीओ केपी गुप्ता, आरआई सुहेल खान, अतुल गुप्ता व धनीराम सिंह उनके साथ रहे। सुरेश रैना वापसी में निकट रिश्तेदार प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट नितिन मदान की जिप्सी में बैठकर आए थे। रैना और उनकी पत्नी की झलक पाने को आरटीओ आफिस के बाहर काफी भीड़ रही।