दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के बीच बारिश शुरू हुई। दिल्ली के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई तो कुछ जगह हल्की रही।
बारिश के कारण गर्मी से मामूली राहत जरूर मिली। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार को थोड़ी कम और फिर रविवार व सोमवार को एनसीआर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 245 मिमी तक बारिश की चेतावनी शनिवार से सोमवार के बीच दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में दिन का तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया।
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ऊपर 34.8 डिग्री दर्ज हुआ। पालम में बारिश 30 मिमी हुई और नोएडा में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को एनसीआर में बारिश बहुत तेज नहीं होगी लेकिन बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश हो सकती है।
शनिवार-रविवार को एनसीआर समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व यूपी में भी कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है।