दिल्ली में रविवार की तरह सोमवार को भी लोग उमस से परेशान रहे। दिन भर बादलों व हल्की धूप की लुकाछिपी का खेल चलता रहा। दिल्ली में लोदी रोड के आसपास के इलाकों में कुछ बारिश भी हुई लेकिन पूरी दिल्ली बारिश के लिए तरस गई। सोमवार को अधिकतम आर्द्रता 89 फीसदी रही। जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं शाम 5:30 बजे तक 004.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान तापमान 35 डिग्री रहेगा।
विभाग ने 29 जून तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई है। यह किसी इलाके में तेज तो किसी इलाके में हल्की रहेगी। इस दौरान तापमान 33-36 डिग्री के बीच बना रहेगा। अब देखना यह होगा कि मौसम विभाग का बारिश का अनुमान कितना सटीक साबित होगा। मौसम विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि 27 जून से पहले ही मानसून दस्तक दे देगा।
मानसून की उत्तरी सीमा जयपुर, आगरा, रामपुर, देहरादून, शिमला, पठानकोट, जम्मू से होकर गुजर रही है। अगले दो दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर के शेष भागों, राजस्थान, पंजाब के कुछ और भागों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ भागों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष भागों, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के शेष भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।