गुड़गांव में रेलवे रोड के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
अगले सप्ताह तक इसका पुनर्निर्माण शुरू किया जा सकता है। बता दें कि सेक्टर चार-सात से रेलवे स्टेशन तक रेलवे रोड को छह मार्गीय करने का काम नवंबर 2012 में शुरू किया गया।
इसके निर्माण के लिए नगर निगम ने एक साल की अवधि तय की। लेकिन सड़क के बीच आने वाले बिजली के पोल और पेड़ों के कारण इसका निर्माण पूरा नहीं हो पाया।
सबसे अधिक समस्या बाबा प्रकाशपुरी चौक से सेक्टर चार-सात चौक के बीच आ रही है। यहां बिजली के खंभे और पेड़ों की भरमार है।
यह भी पढ़ें: जमीनें नहीं बनेंगी मेट्रो विस्तार में बाधा
पिछले दिनों निर्माणकर्ता एजेंसी ने इसका निर्माण दोबारा शुरू किया। लेकिन दोनों चौक के बीच आकर कंपनी को काम बीच में ही छोड़ना पड़ा।
नगर निगम के एक्सईएन एवं सड़क निर्माण के प्रभारी अमित श्योकंद ने बताया कि पेड़ों और खंभों को हटाने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
बिजली निगम के एसई ने एक सप्ताह के भीतर बिजली के पोल हटाने का आश्वासन दिया है। साथ ही पेड़ों को हटाने के लिए चंडीगढ़ से औपचारिक मंजूरी (फॉर्मल अप्रूवल) मिलनी है।
इस सप्ताह तक यह दोनों काम पूरा होने की उम्मीद है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।