अब आपका स्टेशन नहीं छूटेगा। रेलवे ने इसका सटीक इंतजाम कर लिया है। आपका स्टेशन आने से आधा घंटा पहले मोबाइल पर वेकअप कॉल आएगी और आपको स्टेशन की जानकारी दी जाएगी।
यह वेकअप कॉल एक बार नहीं 30-30 सेकेंड के अंतराल में तीन बार आएगी। रेलवे यात्रियों को यह सुविधा निशुल्क मिलेगी।
यात्रियों की सहूलियत के लिए आईआरसीटीसी ने (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड) वेकअप कॉल की सुविधा फिलहाल ट्रायल के तौर पर रेलवे इंक्वायरी नंबर 139 के जरिए शुरू की है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इसे विधिवत लांच किया जाएगा।
दरअसल, सफर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के स्टेशन छूट जाते हैं। नींद या बातों में मशगूल होने की वजह से उन्हें स्टेशन का पता ही नहीं चलता। इसके लिए आईआरसीटीसी ने नई कवायद शुरू की है।
नई प्लानिंग के मुताबिक फिलहाल 139 पर कॉल या एसएमएस कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। 139 पर कॉल करने के बाद आपसे पीएनआर नंबर और गंतव्य स्टेशन कंफर्म किया जाएगा।
इसके बाद रेलवे के सिस्टम में आपका स्टेशन का नाम दर्ज हो जाएगा। यात्रा के अंतिम स्टेशन आने से आधा घंटा पहले ही वेबसाइट से ऑटो जनरेटेड कॉल रेल यात्रियों के मोबाइल पर पहुंचेगी और उनका स्टेशन आने के समय की जानकारी दी जाएगी।
खास बात यह है कि यह कॉल आपको ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के शेड्यूल टाइम की बजाय वास्तविक टाइम पर पहुंचेगी। यानी ट्रेन अगर 5 घंटे लेट है तो कॉल भी पांच घंटे लेट ही आएगी।
आईआरसीटीसी के अधिकारियों का कहना है कि यह वेकअप कॉल रेलवे की ओर से निशुल्क होगी, लेकिन 139 पर कॉल कर यह सुविधा लेने के लिए मामूली कॉल चार्ज देने होंगे।