प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चौकीदार चोर कहने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट में खेद जताने के बाद ही उन्हें चौकीदार चोर कहने से नहीं चूक रहे है। उन्होंने शनिवार को गुरुग्राम में सेक्टर पांच हुडा ग्राउंड में पार्टी उम्मीदवार कैप्टन अजय यादव के समर्थन में जनसभा में एक दर्जन से अधिक बार प्रधानमंत्री को चौकीदार चोर बोला। उन्हें चौकीदार चोर बोलने के दौरान लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला। उनके भाषण के दौरान लोगों ने कई बार चौकीदार चोर कहते हुए नारेबाजी की।
राहुल गांधी ने कहा कि पांच साल पहले नरेंद्र मोदी ने कहा था कि दो करोड़ युवाओं को 56 इंच वाला चौकीदार रोजगार देगा, लेकिन अब नरेंद्र मोदी चौकीदार बोलते हुए झिझकते है, क्योंकि उन्हें डर लगता है कि सामने से कोई चोर ना बोल दे। क्योंकि पूरे देश में चौकीदार चोर की गुंज है। दरअसल उन्होंने प्रधानमंत्री बनते ही चोरों का साथ देना आरंभ कर दिया था। उनकी उन लोगों से दोस्ती है जो देश के बैंकों का कर्जा लेकर विदेशों में भाग गए है। इतना ही नहीं, नरेंद्र मोदी ने एक भी किसान का कर्जा माफ करने की पहल नहीं की और उन्होंने देश के 15 बड़े कारोबारियों का कर्जा माफ करने की पहल की।
उन्होंने राफेल मामले को उठाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी देश के नहीं, बल्कि अनिल अंबाली के चौकीदार है। उन्होंने सेना के जवानों की जेब से 30 हजार करोड़ रुपये चोरी करके अनिल अंबानी के खाते में डाल दिए। खास बात यह है कि नरेंद्र मोदी के समक्ष फ्रांस के राष्ट्रपति ने अनिल अंबानी के साथ राफेल समझौते के तहत हवाई जहाज बनाने का अनुबंध करने का कड़ा विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि अनिल अंबानी बैंकों का कर्ज नहीं दे रहे है। इसके बावजूद आप एक चोर के साथ जहाज बनाने का अनुबंध कर रहे हो।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर झूंठ बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी वोट लेने के लिए झूठ बोलने की झड़ी लगा देते है। वह जनता को गुमराह करने के लिए ऐसे वायदे करते है जिन्हें कभी भी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्हें भी पता नहीं होता है कि वह क्या-क्या बोल देते है।
जनसभा स्थल पर मोदी-मोदी के भी लगे नारे
राहुल गांधी की जनसभा में कुछ युवकों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। वे जनसभा स्थल के पीछे वाले हिस्से में खड़े होकर नारे लगा रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण वे कुछ ही देर में खिसक गए।