दिल्ली विश्वविद्यालय में पीजी मेन्स में राहुल गांधी के आने के मामले से कैंपस का माहौल गरमा गया है। डीयू प्रशासन ने उनके बिना पूर्व सूचना दौरे को गंभीरता से लिया है। प्रशासन का कहना है कि उनके आने से हॉस्टल के आवासीय छात्रों को काफी दिक्कत हुई। वहीं, भीड़ के प्रवेश करने से उत्पन्न हुई अराजकता से भी छात्र नाराज हुए। वहीं दूसरी ओर शिक्षक संगठन इंटेक ने कहा कि पीजी मेन्स हॉस्टल में राहुल गांधी के दौरे को अनावश्यक रूप से मुद्दा बनाया जा रहा है। वहीं, राहुल गांधी की अचानक यात्रा को लेकर और उसके बाद उठे हंगामे पर प्रॉक्टर ने कहा कि वह विश्वविद्यालय को राजनीतिक अखाड़ा नहीं बनाना चाहते।
शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी डीयू के पीजी मैन्स हॉस्टल में पहुंच गए थे। वहां उन्होंने छात्रों से बेरोजगारी, रोजगार व समस्याओं को लेकर ना केवल बात की बल्कि छात्रों के साथ खाना भी खाया। इस पर ही डीयू प्रशासन ने शनिवार को अपनी प्रतिक्रिया और कहा कि पीजी मेन्स हॉस्टल में राहुल गांधी की अघोषित और अनाधिकृत यात्रा को दिल्ली विश्वविद्यालय ने गंभीरता से लिया है।
हॉस्टल के अधिकारियों और गार्ड के माध्यम से विश्वविद्यालय के ध्यान में लाया गया है कि कांग्रेस नेता ने कई बाहरी लोगों के पीजी मैन्स हॉस्टल में अचानक और अनाधिकृत प्रवेश किया। इससे विद्यार्थियों को काफी दिक्कत हुई। भीड़ के प्रवेश करने से अराजकता फैली। प्रशासन ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारी आवश्यक कदम उठाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में ऐसा दोबारा न हो।
इंटेक ने विवि की प्रतिक्रिया की निंदा की
शिक्षक संगठन इंटेक अध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग ने कहा कि राहुल गांधी एक राष्ट्रीय नेता हैं और उन्होंने युवाओं के साथ बातचीत करने और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए छात्रावास का दौरा किया। वर्तमान हालातों को देखते हुए छात्रों ने उनका स्वागत किया और अपनी समस्याओं को उनके साथ साझा किया और युवाओं के मुद्दों को उठाने का अनुरोध किया।
इस पर इंटेक विवि के अधिकारियों के अनावश्यक प्रतिक्रियावादी और नकारात्मक रवैये की कड़ी निंदा करता है। वहीं यूनिवर्सिटी कोर्ट सदस्य अमन कुमार ने भी मामले में विवि अधिकारियों की प्रतिक्रिया की निंदा की और कहा कि राहुल गांधी सेंट स्टीफंस के पूर्व छात्र रहे हैं, ऐसे में विवि को उनका स्वागत करना चाहिए। छात्रों की सुरक्षा के नाम पर विश्वविद्यालय अपने पसंदीदा नेता को बुलाने के लिए छात्र की पसंद को निशाना नहीं बना सकता।