राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश के दूसरे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया एक कदम आगे बढ़ गई है। रविवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशानुसार यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की परचेज कमेटी के चेयरमैन एसकेअग्रवाल ने चयनित जमीन का निरीक्षण किया।
स्टेडियम की जमीन के आसपास की लोकेशन, कनेक्टिविटी, होटल आदि सुविधाओं पर परचेज कमेटी के प्रतिनिधियों ने संतुष्टि जाहिर की। कमेटी के सकारात्मक रुख को देखते हुए मार्च माह के अंदर जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना बढ़ गई है।
इससे पहले परचेज कमेटी द्वारा बीसीसीआई को निरीक्षण की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। रविवार सुबह यूपीसीए परचेज कमेटी के चेयरमैन एसके अग्रवाल, जीसीए के अध्यक्ष राकेश मिश्रा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने नूर नगर में स्टेडियम के लिए चिह्नित की गई करीब 35 एकड़ जमीन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में परचेज कमेटी के सदस्य जमीन की लोकेशन को लेकर संतुष्ट दिखे। गाजियाबाद में यह उत्तर प्रदेश का दूसरा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा। सूबे का एकमात्र स्टेडियम अभी कानपुर का ग्रीन पार्क है।
जल्द पूरी कराई जाएंगी जमीन खरीद की औपचारिकताएं
गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि यूपीसीए परचेज कमेटी के प्रतिनिधियों को प्रस्तावित स्टेडियम की जमीन पसंद आई। जमीन की लोकेशन को भी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम केसमकक्ष बताया। जमीन केआसपास सुविधाआें को भी अच्छा बताया।
उन्होंने कहा कि कमेटी की रिपोर्ट के बाद जमीन खरीद के मार्च महीने के अंत तक सारी औपचारिकताएं पूरी कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे जिले के खेल प्रेमियों को अंतर्राष्ट्रीय मैचों को देखने का लुत्फ मिलेगा।