पंचायत चुनाव की घोषणा होते ही गांवों में सरपंच पद के दावेदारों में सरगर्मी बढ़ गई। मंगलवार शाम से ही लोगों ने अपने-अपने बैनर-पोस्टर लगाना शुरू कर दिया। यही नहीं दावेदारों ने अपने समर्थकों के साथ बैठक कर जीत के लिए बिसात बिछानी शुरू कर दी हैं।
राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, फरीदाबाद में पंचायत चुनाव पहले चरण में यानी 4 अक्तूबर को कराए जाएंगे। इसे देखते हुए संभावित प्रत्याशियों ने मंगलवार शाम से ही प्रचार करना शुरू कर दिया।
हालांकि कई दावेदार तो पहले से ही गांव के कार्यक्रमों में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे थे लेकिन उनकी सरगर्मी बढ़ गई है। गांव के मतदाताओं को कैसे अपनी ओर किया जाए, इसे लेकर समर्थकों के साथ रणनीति तैयार होने लगी है।
गांवों में जो बैनर-पोस्टर लग रहे हैं उनमें ज्यादातर युवा हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार सरकार के शैक्षणिक योग्यता लागू करने के बाद बुजुर्गों की संख्या कम ही रहेगी।