नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फिलिस्तीन के लिए प्रस्तावित तथाकथित शांति योजना के खिलाफ सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) की दिल्ली सांगठनिक कमेटी ने मंगलवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी दिल्ली के कोने-कोने से हाथों में तख्तियां व बैनर लिए एकत्रित हुए।
प्रदर्शनकारियों ने इस योजना को उपनिवेशवादी और साम्राज्यवादी करार देते हुए इसे तत्काल खारिज करने की मांग की। इस अवसर पर एसयूसीआई (सी) की दिल्ली राज्य कमेटी के सचिव कामरेड प्राण शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्रंप की यह योजना गाजा में इस्राइल आक्रमण को रोकने और पश्चिमी एशिया में शांति स्थापित करने के नाम पर एक धोखा है।
इसके अलावा, संगठन के कार्यालय सचिव गिरवर सिंह ने देश के शांति-प्रिय नागरिकों और विश्व समुदाय से अमेरिकी-इस्राइल साम्राज्यवादी डिजाइन के खिलाफ एकजुट होकर जुझारू शांति आंदोलन छेड़ने का आह्वान किया। ब्यूरो