कैसीनो और ऑनलाइन गेमिंग की लत को पूरा करने के लिए करते थे चोरी, पंजाबी बाग इलाके की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पंजाबी बाग इलाके में कैसीनो और ऑनलाइन गेमिंग की लत को पूरा करने के लिए चोरों ने शेयर मार्केट कारोबारी के घर से लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार वाले घर में सो रहे थे। पुलिस ने जांच के दौरान 1260 सीसीटीवी कैमरों की जांच कर चोरों की पहचान की और तीन बदमाशों के साथ-साथ गहने के खरीदार जौहरी को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने 20 लाख के 156 ग्राम सोने के गहने और 9.96 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि 26 सितंबर को पंजाबी बाग निवासी शेयर मार्केट कारोबारी अरविंद जैन ने घर में चोरी की शिकायत की। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने जहांगीरपुरी थाने के घोषित बदमाश और मुख्य आरोपी भलस्वा डेयरी निवासी जय प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके दो साथियों सीतामढ़ी बिहार निवासी बिगन साह और जयराम साह को गिरफ्तार कर लिया। बिगन की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के गहने खरीदने वाले जौहरी करोलबाग निवासी गणेश को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि जय प्रकाश और बिगन को कैसीनो और ऑनलाइन गेमिंग की लत है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जय प्रकाश पर पहले से लूटपाट और घरों में चोरी के 15 मामले दर्ज हैं। वहीं जयराम शाह पर सात मामले दर्ज हैं। बिगन शाह मोती विक्रेता है जबकि जयराम शाह जनरल स्टोर में काम करता है।