मेवात मॉडल स्कूल मढ़ी में हिंदू बच्चों से नमाज पढ़वाने के मामले के विरोध में बृहस्पतिवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। धर्म रक्षा मंच के नेतृत्व में लघु सचिवालय के सामने हुए विरोध प्रदर्शन में कई हिंदू संगठनों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के बाद धर्म रक्षा मंच के जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त मनीराम शर्मा को सौंपा। वहीं, पीड़ित बच्चे की मां का कहना है कि अगर प्रशासन से न्याय नहीं मिला, तो वह जल्द ही भूख हड़ताल पर बैठेंगी।
विरोध प्रदर्शन को धर्म रक्षा मंच के जिलाध्यक्ष टेकचंद सैनी, भाजपा नेता कुंवर संजय सिंह, आरएसएस के जिला संघचालक डॉ. आरपी शर्मा, आर्य समाज के प्रधान पीसी आर्य, विहिप के जिला संयोजक हरीओम पालीवाल सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया। धर्म रक्षा मंच के जिलाध्यक्ष टेकचंद सैनी ने कहा कि मेवात आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है।
लेकिन पिछले कुछ वर्षों से चंद मौकापरस्त लोगों ने यहां की आबोहवा दूषित कर दी है। ऐसे लोगों को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।