गुड़गांव के गांव तिगरा में तोड़फोड़ करने गए हुडा के दस्ते पर गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें एक महिला सहित छह पुलिसवाले घायल हो गए। दस्ते के सदस्यों ने भागकर जान बचाई।
इसके बाद ग्रामीणों ने बादशाहपुर की ओर से सेक्टर 56 और गोल्फ कोर्स की ओर जाने वाले रोड को जाम कर दिया। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
गुड़गांव-मानेसर डेवलपमेंट प्लान के तहत गांव तिगरा सेक्टर 57 के अधीन है। हुडा ने गांव की करीब तीन एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर इसे केंद्र सरकार के रूरल मिशन कमीशन के तहत ग्रुप हाउसिंग सोसायटी को अलॉट किया है।
इस जमीन पर कब्जे की सूचना पर मंगलवार सुबह करीब सात बजे हुडा का तोड़फोड़ दस्ता गांव में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा। तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान अचानक ग्रामीणों ने दस्ते व पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही
पथराव में एक महिला और छह अन्य पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। कार्रवाई को कवर कर रहे हुडा के वीडियोग्राफर का पैर टूट गया। नाराज ग्रामीणों ने दस्ते में शामिल एक गाड़ी को तोड़ दिया तथा उसके टायरों में आग लगाकर सड़क जाम कर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि तोड़फोड़ से पहले किसी तरह का नोटिस नहीं दिया गया था। सेक्टर 56 थाना प्रभारी प्रदीप दांगी ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। खतरे की कोई बात नहीं है। 80 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, हिंसक गतिविधि को बढ़ावा देने और कर्मचारियों से मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।