कविनगर थाना क्षेत्र के रईसपुर गांव में प्रॉपर्टी डीलर रविंद्र सिंह के घर लूटपाट की गई। चार बदमाशों ने उनके दो नौकरों धर्मपाल और पवन को बंधक बना लिया। उन्हें पीटा भी।
लाखों रुपये कीमत की ज्वैलरी, 45 हजार रुपये और एक लाइसेंसी रिवाल्वर लूटकर ले गए। लूट की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
रविंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को वे परिवार के साथ मेरठ बेटे केलिए लड़की देखने गए हुए थे। घर पर दोनों नौकर थे। रात में चार बदमाश घर में घुसे और वारदात की।
नौकरों ने उन्हें बताया कि बदमाश करीब 7-8 मिनट घर में रुके। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। दूसरी तरफ, जांच अधिकारी गोपीचंद का कहना है कि मामला संदिग्ध है।
नगदी, ज्वैलरी और उनके दो बैग घर में ही मिल गए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि रिवाल्वर कहीं गुम हुआ है, जिसकी वजह से लूट की रिपोर्ट लिखाई गई है।
सीसीटीवी में कैद लुटेरे
रविंद्र सिंह ने बताया कि लुटेरे उनके पड़ोस में लगे सीसी टीवी कैमरे में भी कैद हो गए हैं। फुटेज में चार युवक नजर आ रहे हैं, नौकर बता रहे हैं कि ये वही बदमाश हैं जिन्होंने वारदात की है।