आगामी चार मार्च को फिरोजपुर झिरका के नवाब शमशुदीन स्टेडियम में देश की सामाजिक संस्था जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के तत्वाधान में एक विशाल जलसे का आयोजन किया जाएगा।
इस जलसे में दोनों समुदायों के राष्ट्रीय स्तर के मौलाना और संत शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रात: 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
यह जानकारी जमीयत उलेमा ए हिन्द के सदस्य जुबेर अहमद अलवरी ने अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
इस विषय पर जानकारी देते हुए जमीयत उलेमा ए हिन्द के सदस्य जुबेर अहमद अलवरी ने बताया कि देश की मशहूर सामाजिक संस्था जमीयत उलेमा ए हिन्द लगभग सवा सौ साल से देश की तरक्की व सलामती तथा मुल्क में भाईचारा कायम करने का निरंतर प्रयास करती आ रही है।
जमीयत उलेमा ए हिन्द द्वारा देश में हमेशा से भाईचारा, मजलूम की हिमायत, जालिमों के खिलाफ आवाज बुलंद करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है और हमेशा से आतंकवाद या इसे फैलाने वालों के खिलाफ आवाज बुलंद की है।
इसी कड़ी में आगामी चार मार्च को फिरोजपुर झिरका में सांप्रादायिक सौहार्द को कायम रखने के लिए एक विशाल जलसे का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें जमीयत उलेमा ए हिन्द के राष्ट्रीय सदर मौलाना सैय्यद असद मदनी व मौलाना महमूद मदनी तथा अखिल भारतीय संत समाज के अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्ण जी महाराज शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम के माध्यम से देश में आज कल फैल रहे गतिरोध से लोगों का ध्यान हटाकर देश की तरक्की व खुशहाली के लिए लोगों को जागरुक करेंगे।
इस कार्यक्रम में इनके अलावा हरियाणा-राजस्थान व उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों के लोग शामिल होने जा रहें हैं।