भोंडसी स्थित विद्यालय में दूसरी कक्षा के छात्र प्रिंस की हत्या के मामले में शनिवार को चार याचिकाओं पर सुनवाई होनी है। यह सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जेएस कुंडू की बाल अदालत में होगी।
इस दिन चारों याचिकाओं पर बहस के बाद अदालत अपना फैसला देगी। इसी दिन सीबीआई द्वारा अदालत में चार्जशीट से संबंधित दस्तावेज भी जमा किए जाएंगे।
गौरतलब है कि भोंडसी स्थित विद्यालय में 8 सितंबर, 2017 को दूसरी कक्षा के छात्र प्रिंस की हत्या के मामले में सीबीआई ने 7 नवंबर को 11वीं कक्षा के छात्र को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेज दिया था।
मामले की संगीनता को देखते हुए प्रिंस के पिता द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने मामले को बाल अदालत में स्थानांतरित कर दिया था।
इस मामले में आरोपी के परिजनों द्वारा अदालत में याचिका दायर कर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के फैसले को चुनौती दी गई थी। इसके साथ ही परिजनों ने सीबीआई द्वारा आरोपी छात्र की उंगलियों के निशान लेने, उसकी जन्म तिथि से संबंधित दस्तावेज लेने सहित सीबीआई द्वारा तय समय से अधिक समय तक पूछताछ करने की याचिकाओं पर सुनवाई होनी है।
इस दिन दोनों पक्षों की बहस होगी, जिसके बाद अदालत इन याचिकाओं पर अपना फैसला सुनाएगी। उधर, 12 फरवरी को सीबीआई को अदालत में कुछ गवाहों के बयान व लिस्ट जमा करानी थी, लेकिन सीबीआई अधिकारी इस लिस्ट व बयानों की प्रति को नहीं लाए थे।
इसे भी 17 फरवरी को ही अदालत में जमा कराना है। चार्जशीट पर 28 फरवरी को बहस के बाद आरोपी छात्र पर आरोप तय किए जाएंगे। इसी दिन आरोपी छात्र की भी अदालत में पेशी होनी है।