ब्लू लाइन के विस्तार के तहत नोएडा सिटी सेंटर-नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी सेक्शन का उद्घाटन 9 मार्च को प्रधानमंत्री के हाथों होगा। इसके बाद सेक्शन पर व्यावसायिक परिचालन शाम चार बजे से शुरू हो जाएगा। इस संबंध में दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने बृहस्पतिवार को आधिकारिक घोषणा कर दी।
पहले इस सेक्शन का उद्घाटन 8 मार्च को गाजियाबाद के कार्यक्रम में होना था। उस समय डीएमआरसी ने मेट्रो के व्यावसायिक परिचालन के लिए 9 मार्च सुबह आठ बजे का समय घोषित किया था, लेकिन बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 9 मार्च को ग्रेटर नोएडा के लिए भी बन गया और ब्लू लाइन के विस्तार के उद्घाटन को ग्रेटर नोएडा के कार्यक्रम में शामिल कर दिया गया। ऐसे में डीएमआरसी ने सुबह आठ बजे से व्यावसायिक परिचालन कार्यक्रम को निरस्त कर दिया है।
वहीं, बृहस्पतिवार को डीएमआरसी के कारपोरेट कम्यूनिकेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनूज दयाल की ओर से व्यावसायिक परिचालन के लिए शाम चार बजे के समय की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि पीएम का ग्रेटर नोएडा का कार्यक्रम दोपहर 12 से एक बजे के बीच का है। लिहाजा, मेट्रो को करीब तीन घंटे का समय आखिरी तैयारी के लिए मिल जाएगा और इसका परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
अब नहीं होगा नेताओं का जमावड़ा
माना जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा के कार्यक्रम में ब्लू लाइन के नए सेक्शन का उद्घाटन होगा। लिहाजा, इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन पर पहले से तय कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। पहले यहां केंद्रीय मंत्री को आना था। साथ ही, विधायक व अन्य नेता भी आने थे, लेकिन अब कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा से होना तय हुआ है। लिहाजा, यह सभी लोग वहीं मौजूद रहेंगे। अभी यह भी तय होना है कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन पर किसके नेतृत्व में कार्यक्रम होना है।