अपने वाहन के लिए खास नंबर पाने की चाहत अब आम आदमी भी पूरी कर सकेंगे। जो पहले क्लिक करेगा, खास नंबर उसको मिलेगा। ऑनलाइन होने के बाद पहली नई सीरीज बुधवार सुबह 10 बजे से बुकिंग के लिए खुल जाएगी।
इसके बाद एक नंबर सहित सीरीज के सभी 345 खास नंबरों पर हर किसी का अधिकार होगा। इसके साथ ही वीवीआईपी नंबर पाने के लिए आरटीओ ऑफिसों में होने वाली मारामारी खत्म हो जाएगी।
परिवहन विभाग में वाहन नंबरों की नई सीरीज यूपी 14 सीएफ शुरू हो गई है। 14 मई को ऑफिस खुलते ही सुबह 10 बजे से इस सीरीज के नंबरों को बुक किया जा सकेगा।
परिवहन विभाग की साइट (एचटीटीपीएस://वीएएचएएन.यूपी.एनआईसी.आईएन/यूपी-एफएएनसीवाईएनयूएमबीईआरबीआईडी/) पर जाकर कोई भी अपनी पसंद का नंबर बुक करा सकता हैं।
आरटीओ प्रशासन केपी गुप्ता ने बताया कि नोएडा-गाजियाबाद में शुरू होने वाली यह सुविधा ठीक 10 बजे खुल जाएगी। नई सीरीज मंगलवार से शुरू हो रही है, लेकिन आम लोगों के लिए यह एक दिन बाद से शुरू होगी।
साइट न खुलने की शिकायतों को देखते हुए सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया गया है। इसके बावजूद यदि साइट खुलने में परेशानी आती है तो वाहन स्वामी नेटवर्किगिं को मोजिला के फायरफॉक्स में जाकर सर्च करें। इसमें किसी तरह की परेशानी आएगी।
कईयों की बचेगी जान
खास नंबर अभी तक आम आदमी की पहुंच में नहीं थे। इन पर एक मात्र वीवीआईपी लोगों का ही हक रहता था। कई बार खास नंबर पाने के लिए कई वीवीआईपी (अधिकारी-मंत्री) आमने-सामने आ जाते थे।
जहां नंबर पाने को लेकर दो मंत्री मेरठ आरटीओ से भिड़ गए थे, वहीं पर क्रिकेटर भुवनेश कुमार और एक मंत्री आमने-सामने आ गए थे। पिछले सप्ताह एक खास नंबर के लिए कैबिनेट मंत्री और एक प्रमुख सचिव के बीच कई दिन तक खींचतान रही थी।
आरटीओ गाजियाबाद के ऑफिस में ही दो कर्मचारियों में एक नंबर को लेकर मारपीट हो गई थी। इस मामले में कई अधिकारियों-कर्मचारियों की नौकरी पर बन आई थी। नंबर ऑनलाइन होने से अब अधिकारियों-कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।