दिल्ली में पावर कट की शिकायत दर्ज कराने के लिए अब आपको कॉल सेंटर का नंबर मिलाकर लंबा इंतजार नहीं करना होगा। साथ ही नंबर व्यस्त होने की शिकायत भी दूर हो जाएगी।
बिजली कंपनी बीएसईएस ने अपनी दोनों कंपनियों-बीआरपीएल व बीवाईपीएल की बिजली कटौती से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने के लिए इंट्रेक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम (आईवीआरएस) की शुरुआत की है।
34 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा इसका फायदा
इसमें कॉल सेंटर पर नंबर मिलाने के बाद की-पैड का नंबर 1 दबाते ही शिकायत स्वत: दर्ज हो जाएगी। बिजली कंपनी ने पावर कट से संबंधित शिकायत वाली फोन लाइनों को कॉल सेंटर की अन्य लाइनों से अलग कर इसे सीधे आईवीआरएस पर डाल दिया गया है।
इससे उपभोक्ता को कॉल सेंटर कर्मी से भी बात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसका लाभ 34 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा।
लाभ उठाने के लिए इन नंबरों पर करना होगा फोन
सेवा का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को एक बार अपना डिटेल और मोबाइल नंबर बीएसईएस में रजिस्टर करवाना होगा। मोबाइल नंबर और डिटेल अपडेट कराने के लिए बीआरपीएल उपभोक्ता 39999707 और बीवाईपीएल उपभोक्ता 39999808 पर संपर्क कर सकते हैं।
मोबाइल से कॉल करते ही आईवीआरएस पर उस उपभोक्ता की सारी डिटेल आ जाएगी। मोबाइल से 1 दबाते ही सर्वर जान लेगा कि किस उपभोक्ता ने पावर कट की शिकायत दर्ज की है और उसका पता व सीए/सीआरएन नंबर क्या है।