दिल्ली विश्वविद्यालय के 99वें दीक्षांत समारोह में एक रिकॉर्ड टूटने जा रहा है। यह रिकॉर्ड बीते साल दी गई पीएचडी डिग्रियों का है। विवि के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब दीक्षांत समारोह में पीएचडी की रिकॉर्ड 840 डिग्रियां दी जाएंगी। जिन पीएचडी छात्रों का वायवा 24 फरवरी तक पूरा हो जाएगा, उन्हें डिग्री प्रदान की जाएगी। ऐसे में डिग्री की संख्या और बढ़ जाएगी। बीते साल रिकॉर्ड 802 डिग्री प्रदान की गई थी। इससे पहले अब तक इतनी बड़ी संख्या में पीएचडी की डिग्री नहीं दी गई।
डीयू परीक्षा शाखा के डीन प्रो. डीएस रावत ने बताया कि इस बार के दीक्षांत समारोह में बीते साल का पीएचडी डिग्री देने का रिकॉर्ड टूटने जा रहा है। इस बार 840 पीएचडी डिग्री दी जाएंगी, जो नया रिकॉर्ड होगा। इस साल यूजी-पीजी, लॉ व मेडिकल की 81,972 डिग्री दी जाएंगी, जबकि स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के यूजी-पीजी प्रोग्राम की 75,454 डिग्री डिजिटल रूप में प्रदान की जाएंगी।
25 फरवरी को आयोजित होने वाले इस दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी। जबकि विशिष्ट अतिथि शिक्षा मंत्री होंगे। शताब्दी वर्ष में आयोजित यह दीक्षांत समारोह इसलिए भी खास रहेगा कि इस बार डिग्री लेने वाले छात्र गाउन के बजाय भारतीय परिधानों में दिखाई देंगे। ब्रिटिश औपनिवेशिक काल की परंपरा को हटाते हुए छात्रों को भारतीय परिधानों में आने के लिए कहा गया है।
कब कितनी पीएचडी डिग्री दी गई
सत्र डिग्री की संख्या
2013-14 499
2014-15 704
2015-16 93
2016-17 578
2017-18 607
2018-19 592
2019-20 667
2020-21 802
2022-23 840