संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में लोनी रोड के चौड़ीकरण को लेकर शुक्रवार से सर्वे का काम शुरू हो गया। यह सर्वे एक निजी कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा है। पहले दिन कंपनी के अधिकारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पुराने नक्शे लेकर सड़क पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
पुराने नक्शों के आधार पर यह चिह्नित किया जा रहा है कि सड़क को चौड़ा करने के लिए कितनी जमीन का अधिग्रहण करना होगा। साथ ही सड़क किनारे बने मकानों और दुकानों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन से निर्माण वैध हैं और कौन से अवैध। कंपनी को दो सप्ताह के भीतर सर्वे पूरा कर अपनी रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को सौंपनी है।
सर्वे शुरू होने के साथ ही स्थानीय लोगों में अपने मकानों और दुकानों के प्रभावित होने की चिंता बढ़ गई है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, पुराने नक्शों के आधार पर यह भी देखा जा रहा है कि अलग-अलग स्थानों पर सड़क की वास्तविक चौड़ाई पहले कितनी थी। प्रस्ताव के अनुसार, लोनी रोड को करीब 150 फीट तक चौड़ा किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी आगे की फाइल भूमि विभाग को भेजेगा। इसके बाद जिन स्थानों को चौड़ीकरण के लिए चिह्नित किया जाएगा, वहां बने निर्माण की वैधता की जांच की जाएगी।