फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: एनडीएमसी पालिका कुंज के फ्लैट में मिला नवविवाहिता शव, हत्या का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
मोबाइल, पर्स, चप्पल छत पर मिले, पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में शनिवार शाम 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उसके घर से करीब 15 किलोमीटर दूर पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट परिसर में मिला। घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन, पर्स और चप्पल तीसरी मंजिल की छत पर बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, जबकि परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार आकृति की शादी 24 अप्रैल 2026 को पुष्प विहार निवासी आरस्तु सिक्का से लव-कम-अरेंज मैरिज के तहत हुई थी। आकृति का मायका संगम विहार में है। वह छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में सेल्स टीम में कार्यरत थी, जबकि उसके पति के बेरोजगार होने की जानकारी सामने आई है। आरस्तु के पिता एनडीएमसी में सेक्शन ऑफिसर हैं। शादी के बाद आकृति पुष्प विहार स्थित ससुराल में रह रही थी।
विज्ञापन


जांच में सामने आया कि शनिवार शाम करीब छह बजे आकृति ने दफ्तर से निकलने के बाद अपनी मां से बात की थी। करीब 6:40 बजे उसने दोबारा फोन कर साकेत पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। बाद में पति ने आकृति के भाई को उसके लापता होने की सूचना दी। रात करीब नौ बजे लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने परिजनों को शव मिलने की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शाम करीब साढ़े सात बजे पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट परिसर में एक महिला के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। उसे तत्काल एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस को तीसरी मंजिल की छत पर आकृति का मोबाइल, पर्स और चप्पल मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने वहीं से छलांग लगाई।
दो माह दस दिन ही हुए थे शादी के
हालांकि परिजनों ने इस दावे पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शादी को महज दो माह दस दिन हुए थे और इस दौरान पति तथा ससुराल वाले आकृति को प्रताड़ित कर रहे थे। उनका आरोप है कि जहां शव मिला, वहां खून के निशान तक नहीं थे, इसलिए यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। परिजनों ने यह भी बताया कि आकृति ने शनिवार को ही दफ्तर में शादी की पार्टी दी थी और वह भविष्य को लेकर उत्साहित थी, इसलिए उसके आत्महत्या करने का सवाल नहीं उठता।
विज्ञापन

साकेत मेट्रो स्टेशन से आकृति फ्लैट तक कैसे पहुंची?
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त आनंत मित्तल ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। क्षेत्रीय एसडीएम भी मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह भी जांच का विषय है कि साकेत मेट्रो स्टेशन से आकृति पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट तक कैसे पहुंची।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें