जांच के घेरे में आए अल फलाह विश्वविद्यालय और उसके मेडिकल कॉलेज पर कार्रवाई की तैयारी है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने कहा है, विश्वविद्यालय पर कार्रवाई की स्थिति में विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। उन्हें दूसरे कॉलेजों में स्थानांतरित किया जाएगा।
डॉ. मुजम्मिल, शाहीन समेत चार एनआईए की गिरफ्त में
दिल्ली धमाके की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में पकड़े गए तीन डॉक्टरों और एक मौलवी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इन सभी पर कार में धमाका करने वाले डॉ. उमर नबी की मदद करने का आरोप है।
एनआईए ने पुलवामा के रहने वाले डॉ. मुजम्मिल शकील गनई, अनंतनाग के डॉ. अदील अहमद राथर, लखनऊ की डॉ. शाहीन सईद और शोपियां के मुफ्ती इरफान अहमद वागे को बृहस्पतिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें 10 दिन की एनआईए हिरासत में सौंप दिया।
एनआईए ने चारों को जम्मू-कश्मीर से हिरासत में लिया था। जांच एजेंसी के अनुसार, चारों ने लाल किला के पास धमाके में अहम भूमिका निभाई थी। इनसे पूछताछ में पूरी साजिश, फंडिंग व लॉजिस्टिक सपोर्ट जैसे पहलुओं का पता लगाया जा सकेगा।
अब तक छह आरोपी गिरफ्तार
एनआईए पूरे आतंकी माड्यूल का पता लगाने में जुटी है। एजेंसी ने कहा, अब तक गिरफ्तार छह आरोपी सफेदपोश आतंकी माड्यूल का हिस्सा हैं। धमाके की साजिश रचने और अंजाम देने में सीधे तौर पर जुड़े थे। तीनों डॉक्टर और मौलवी से पूछताछ में एनआईए को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।