पूर्वी दिल्ली के मधु विहार में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त सायमा (25) के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष का कहना है कि उसने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है, वहीं सायमा के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उसे जबरन नीचे फेंकने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम जांच कर रहे हैं। परिजनों से पूछताछ कर छानबीन की जा रही है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों ने सायमा को दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, सायमा परिवार के साथ मधु विहार स्थित मंडावली की गली नंबर-4 के स्कूल ब्लॉक में रहती थी। पिछले साल 21 अगस्त को सायमा की शादी जाकिर से हुई थी। जाकिर का अपना कारोबार है। गली नंबर-8 में सायमा का मायका है। सायमा की बहन शाहजहां ने बताया कि उसकी बहन ने कई बार उससे मारपीट की शिकायत की थी। फिलहाल सायमा तीन माह की गर्भवती थी।