समोसा, सैंडविच, पकौड़ा, काला जामुन आदि व्यंजनों से सजी मेज पर अरविंद केजरीवाल को कम खाता देखकर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें थोड़ा और लेने की सलाह दे डाली। मौका था बुधवार को पद्म सम्मान समारोह के बाद आयोजित चाय पार्टी का।
राष्ट्रपति भवन में 50 विशिष्ट लोगों को पद्म सम्मान से नवाजने के बाद चाय पार्टी हुई। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने पेस्ट्री का केवल एक छोटा सा टुकड़ा उठाया और एक तरफ हो गए। यह देखकर राष्ट्रपति उनके पास पहुंचे और धीरे से मुस्कुराते हुए कहा, थोड़ा और लीजिए नुकसान नहीं करेगा।
राष्ट्रपति ने उन्हें मेज पर रखे व्यंजनों में से थोड़ा और उठाने के लिए कहा। दरअसल 46 वर्षीय केजरीवाल डायबिटीज के रोगी हैं। हाल ही में वह बंगलूरू से अपनी खांसी का नैचुरोपैथी से इलाज कराकर लौटे हैं।