एक तरफ बिजली निगम दावा करता है कि वह शहरवासियों को 24 घंटे बिजली देगा, लेकिन दूसरी ओर किसी न किसी कारण हो रही कटौती से उसके दावे फेल हो जाते हैं।
बुधवार सुबह कई क्षेत्रों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। मौसम खराब होने के कारण बिजली निगम ने सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक एहतियातन दर्जन भर फीडरों को बंद कर दिया। इस दौरान ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। एनआईटी में भी जबरदस्त बिजली कटौती की गई। बिजली आती न देख कई लोगाें ने शिकायत केंद्रों और कंट्रोल रूम पर फोन करना शुरू कर दिया।
बिजली निगम में से मिली जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ से सटे कुछ गांवों में बिजली की लाइनाें में खराबी आ गई। जिस कारण प्रभावित क्षेत्रों में तीन घंटे से अधिक बिजली कटौती हुई। एनएच-पांच के फीडर में जीओ स्विच खराब हो गया। जिस कारण पांच नंबर, फू्रट गॉर्डन, तिकोना पार्क में दोपहर तक बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। इस दौरान क्षेत्र में जेनरेटर दनदनाते रहे।
बिजली निगम के एसई आरएस यादव ने बताया कि पावर फेल न हो इसके लिए फीडरों को बंद किया गया था। लेकिन कुछ जगह बिजली लाइनों में खराबी आ गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर कर्मचारियाें को भेजा गया।
क्षेत्र जिनमें बंद की गई बिजली आपूर्तिः
एनएच-पांच, नेहरू ग्राउंड, सेक्टर- 14, 16, 17, 18, बसेलवा कॉलोनी, मथुरा रोड, भारत कॉलोनी, कोराली, तिगांव, छायंसा, नरियाला, अटाली, मोहना, जलाका, शेखपुर, खादर, मौजपुर, हीरापुर, जसाना, नचौली, माहातपुर, आदर्श नगर, नया गांव, बाजरी, सुरूरपुर, कृष्णा कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, गौच्छी, सेक्टर-55, दयालपुर, पल्ला, मुजेसर, एवं चावला कॉलोनी।