दाल के आसमान छूते भाव से अभी शहरवासियों को राहत भी नहीं मिली थी कि अब आलू के बढ़े दाम ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। घरों में रसोई की कमान संभालने वाली महिलाओं को सब्जियों का चयन बड़ी सोच समझकर और तोल-मोल करके करना पड़ रहा है।
घरों में हरी सब्जियों का चलन बढ़ गया है। आलू की कीमत में उछाल का कारण उसकी आवक कम होना बताया जा रहा है। एनआईटी स्थित सब्जी मंडी के खुदरा बिक्रेता धर्मपाल ने बताया कि पिछले सप्ताह से इस सप्ताह में पुराने आलू में 2 से 5 रुपये की तेजी आई है।
पिछले सप्ताह तक पुराना आलू 12 रुपये प्रतिकिलो था, वहीं बृहस्पतिवार को यह 14 से 17 रुपये प्रतिकिलो बेचा गया। वहीं नया आलू भी इसी सप्ताह मंडी में आया है। वो भी 26 रुपये प्रतिकिलो में बिक रहा है।
नए आलू की अभी आवक कम होने के कारण दाम तेज हैं। सब्जी मंडी में थोक बिक्रेता सुभाष चंद ने बताया कि नया आलू फिलहाल पंजाब से आ रहा है। आवक कम होने के कारण कीमत में इजाफा देखने को मिल रहा है।