केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सुकन्या समृद्धि योजना को जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। गाजियाबाद के हेडपोस्ट ऑफिस समेत कविनगर, वसुंधरा, शिप्रा सनसिटी समेत कई मुख्य डाकघरों में फार्म लेने रोजाना 100 से 200 लोग पहुंच रहे हैं।
हालात यह हैं कि कई डाकघरों में तो फार्म खत्म हो गए हैं। लिहाजा फार्म की फोटो स्टेट कॉपी करके काम चलाया जा रहा है।
सुकन्या योजना में शामिल होने के लिए लड़की की उम्र अधिकतम 10 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि बैंकों में अभी तक फार्म मिलने शुरू नहीं हुए हैं।
पोस्टल डिपार्टमेंट के सीनियर पोस्ट मास्टर जेएल शर्मा ने बताया कि योजना में शामिल अभिभावकों को अधिकतम 1.50 लाख और न्यूनतम एक हजार रुपये 14 वर्षों तक जमा कराने होंगे। फिर 21 वर्ष बाद 9.1 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर धनराशि अभिभावक को मिल जाएगी।
जेएल शर्मा ने बताया कि एक हफ्ते में ही करीब 8 हजार से ज्यादा फार्म दिए जा चुके हैं। योजना में न केवल मध्यम वर्ग बल्कि निम्न वर्ग के लोग भी एकाउंट खुलवा सकते हैं।
बैंकों में भी जल्द मिलेंगे फार्म
बैंकों में फार्म नहीं आए हैं। एसबीआई के चीफ मैनेजर राकेश सिंह के मुताबिक योजना के फार्म बैंकों से भी दिए जाएंगे। इस संबंध में निर्देश तो आ गए हैं पर अभी फार्म नहीं आए। उम्मीद है कि जल्द ही फार्म उपलब्ध होंगे।