नालियां जाम, सीवर के ढक्कन टूटे होने से राहगीरों को खतरा शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी।
पूर्वी दिल्ली। कोटला गांव में सफाई व्यवस्था की बदहाली से स्थानीय लोग परेशान हैं। गांव की संकरी गलियों में जगह-जगह कचरा फैला हुआ है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से वे कचरे से अटी पड़ी हैं। कई स्थानों पर नालियां खुली हैं, जबकि सड़क किनारे गंदा पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, कई जगह सीवर के ढक्कन टूटे और क्षतिग्रस्त होने से हादसों का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, छोटी गलियों में सफाई की अनदेखी हो रही है। कई स्थानों पर नालियों के किनारे पाइप खुले पड़े हैं। बड़ी गलियों में भी सीवर के क्षतिग्रस्त ढक्कनों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर नगर निगम कुछ गलियों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन बताकर जिम्मेदारी से बचता है। इससे दोनों विभागों के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
समाजसेवी किशन लोहिया ने बताया कि सफाई और सीवर की समस्या को लेकर लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। डॉ. गौतम कुमार ने कहा कि इलाके में जगह-जगह गंदगी रहती है और सफाई कब होती है, इसकी कोई निश्चित जानकारी नहीं है। वहीं, मनोहर लाल ने बताया कि नालियां जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है और लोगों को रोज इसी गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से नियमित सफाई, खुली नालियों को ढकने और क्षतिग्रस्त सीवर ढक्कनों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।