मेट्रो फेज टू प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। एक तरफ भाजपा इसका श्रेय लेने में लगी है, वहीं दूसरी ओर सपा की आईटी सेल सक्रिय हो गई है। सपा ने सोशल साइटस पर मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आभार जताया है। इस मामले में ज्यादा से ज्यादा मेसेज व्हाट्सअप और फेसबुक पर भेजे जा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव नजदीक है। निर्वाचन आयोग कभी भी चुनाव आचार संहिता की घोषणा कर सकता है। इसलिए हर राजनीतिक दल विकास के नाम पर लोगों को रिझाने में लगे हैं। शुक्रवार को कई विकास योजनाओं का शिलान्यास करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं।
इन योजनाओं में दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर भाजपा कार्यकर्ता ज्यादा उत्साहित हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता यह कहते हुए नजर आ रहे है कि गाजियाबाद के लोगों के लिए यह मेट्रो लाइफ लाइन साबित होगी। एक बड़ा हिस्सा इस रूट की मेट्रो से काफी लाभान्वित होगा।
वहीं दूसरी ओर भाजपा के इस प्रचार के विरुद्ध सपा सोशल साइट्स पर मेट्रो प्रोजेक्ट का श्रेय पूर्व सपा सरकार को देने में लगी है। सपा के साहिबाबाद विधानसभा जिलाध्यक्ष मनमोहन झा गामा और निगम पार्षद दल नेता मोहम्मद कल्लन ने बताया कि मेट्रो प्रोजेक्ट की नींव पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रखी थी।
न्हीं की प्लानिंग थी कि गाजियाबाद में भी मेट्रो का जाल बिछाया जाए। ताकि शहरवासियों को बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट मिल सके। प्रोजेक्ट पूरा होने पर भाजपा तो सिर्फ श्रेय लेने में लगी है।