राजधानी की जनसंख्या के हिसाब से देखें तो दिल्ली पुलिस में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या सबसे ज्यादा करीब सात फीसदी है। दिल्ली पुलिस के 30 से 40 पुलिसकर्मी रोजाना संक्रमित हो रहे हैं। पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने चिंता जाहिर करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को कोरोना से बचाव के उपायों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
लॉ एंड ऑर्डर की बैठक में कोरोना संक्रमण का मुद्दा उठा। पुलिसकर्मियों का संक्रमित होना का आंकड़ा हर रोज आठ से 10 चला गया था, लेकिन अब रोजाना 30 से 40 चपेट में आ रहे हैं। दिल्ली में करीब 80 हजार पुलिसकर्मी हैं और कोरोना से लगभग 5500 संक्रमित हो चुके हैं। इस हिसाब से संक्रमित दर करीब सात से आठ फीसदी है। इसी तरह दिल्ली कुल जनसंख्या को देखें तो दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव होने की दर करीब दो फीसदी है। दिल्ली करीब दो करोड़ जनसंख्या है और दिल्ली में रविवार तक करीब तीन लाख 90 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि कोरोना से बचाव के फिर से सारे कदम उठाए जाएं। पुलिसकर्मी लोगों से कम ही मिलें। लोगों से थाने से बाहर जाकर मुलाकात की जाए। दिल्ली पुलिस की टीमें इंस्पेक्टर के नेतृत्व में ही उस जगह पर चालान करेंगी, जहां कोरोना दिशा-निर्देशों का ज्यादा उल्लंघन हो रहा है। पुलिस ने अपनी सभी 215 थानों में एक-एक टीम बना रखी है, जो कोरोना के चालान करती है।