गाजियाबाद के बजरंग दल नेता ने वीडियो जारी कर नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में एक युवक आपराधिक मामलों में फंसाने का दबाव डालकर पुलिस पर पैसे वसूली का आरोप लगाता दिख रहा है।
आरोप है कि अवैध पिस्टल रखने की बात कह खोड़ा से युवक और उसके दोस्त को उठा लिया गया। दोनों को छोड़ने के नाम पर पुलिसकर्मियों ने 7 लाख रुपये मांगे। आरोप है कि 2.5 लाख रुपये नकद देने और एक लाख रुपये बाद में देने की बात पर दोनों को छोड़ा गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी नोएडा ने सीओ प्रथम को मामले की जांच सौंप दी है।
गाजियाबाद बजरंग दल के वैशाली जिला संयोजक विकास मिश्रा ने बताया कि खोड़ा कॉलोनी में नवीन प्रजापति सपरिवार रहता है। नवीन और उसके पिता का प्रापर्टी का काम है। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे नोएडा थाना सेक्टर-20 से 6 से 7 पुलिसकर्मी नवीन के घर पहुंचे।
पुलिस के साथ नवीन का दोस्त रामू भी था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने नवीन और उसके घर पर बैठे दोस्तों से मारपीट की। दोस्तों की जेब में रखे करीब 40 से 50 हजार रुपये भी छीन लिए। गाड़ी के पाने सेे नवीन की उंगली तोड़ दी।
घटना के समय नवीन के पिता और पत्नी भी घर में मौजूद थे। आरोप है कि पुलिसकर्मी बार बार उससे अवैध पिस्टल देने की बात कह रहे थे। जबकि नवीन और रामू दोनों पिस्टल नहीं होने की बात दोहरा रहे थे। पुलिसकर्मियों ने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर तोड़कर नवीन और रामू को नोएडा ले आई।
विकास मिश्रा का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दोनों को छोड़ने के एवज में नवीन और रामू से 7 लाख रुपये मांगे थे। काफी मिन्नत करने के बाद पुलिसकर्मी साढ़े तीन लाख रुपये में दोनों को छोड़ने की बात तय हुई। इसके बाद पुलिसकर्मी दोनों को पहले कैलाश अस्पताल और वहां से जिला अस्पताल ले गए।
आरोप है कि वहां पर बिना कोई कागजी कार्रवाई के ही मेडिकल करा दिया गया। इसके बाद थाने के पीछे बने फ्लैटों में ढाई लाख रुपये देने के बाद रात करीब 11:30 बजे दोनों को छोड़ा गया। पुलिसकर्मियों ने दोनों को कसम दिलाई कि वो इस बारे में किसी को नहीं बताएंगे और बाकी के एक लाख रुपये भी देंगे। घटना के बाद दोनों युवक घर पहुंचे और इलाज कराने के बाद पीड़ित नवीन ने एक वीडियो बनाकर वायरल किया।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस महकमे में अफरातफरी
रविवार शाम सोशल मीडिया पर नवीन का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में नवीन ने पूरी घटना विस्तार में बताई है। नवीन ने रविवार को बाकी के एक लाख रुपये की मांगे जाने से जुड़े ऑडियो-वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।
रुपये वापस करने का संदेश भेजा
बजरंग दल के वैशाली जिला संयोजक विकास मिश्रा ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद नवीन के पास किसी के जरिये पुलिस ने रुपये वापस करने का संदेश भेजा है। जिसमें नवीन से आगे कुछ नहीं करने पर ढाई लाख रुपये वापस करने और एक लाख रुपये नहीं लेने की बात कही गई है। इसके बाद से नवीन ने मोबाइल बंद कर दिया है। वह काफी डरा हुआ है।
पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। सीओ प्रथम को पूरे मामले की जांच सौंपी गई है। जांच में अगर पुलिसकर्मी दोषी पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी।
-वैभव कृष्ण, एसएसपी गौतमबुद्धनगर