इस मामले में कुछ लोगों का आरोप है कि स्कॉर्पियो में बैठा सिपाही रोहित वहां खड़ी एक विदेशी युवती से छेड़खानी की कोशिश कर रहा था। लोगों ने इसका विरोध किया तो यह उसे नागवार गुजरा और उसने अपनी पिस्टल से गोली चला दी जो रजत के सीने में जा लगी।
बीएससी का छात्र था रजत, आज थी अंतिम परीक्षा
रजत बीएससी का छात्र था। उसका अंतिम पेपर 23 मार्च को होना था। मूल रूप से अलीगढ़ जेवर निवासी रजत के पिता केवलराम शर्मा दूरदर्शन में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। बताते हैं कि रजत घटना से पूर्व अपने दोस्त चेतन के घर गया था, वहां उसने चेतन के परिजनों संग होली खेलकर फोटो खिंचवाए इसके बाद सभी मित्र आयुष के घर गए और उसे लेकर वृंदावन की ओर रवाना हो गए।
एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने कहा कि रजत शर्मा और सिपाही रोहित कुमार के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद रोहित ने गोली चला दी, जिससे रजत की मौत हो गई। अभियोग पंजीकृत कर समुचित कार्रवाई की जा रही है। रोहित ड्यूटी पर नहीं था, बिना अनुमति के यहां घूम रहा था। वह गैर जनपद में सिपाही के पद पर तैनात है।
नोएडा एसएसपी वैभव कृष्ण ने कहा कि मथुरा में युवक की गोली मारकर हत्या करने वाले स्वॉट टीम में तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया है। उसके खिलाफ जांच कराई जा रही है कि वह किस कार्य से मथुरा गया था। यदि घूमने के सर्विस पिस्टल लेकर गया था तो इसकी भी जांच कराई जा रही है।