वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत करवाने की कोशिश की। पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने लात मारने के आरोप में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए तो लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम की नमाज अदा की गई।
पुलिस के अनुसार, इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास बड़ा मस्जिद में लोग नमाज पढ़ने आए थे। मस्जिद में जगह नहीं होने पर कुछ लोग सड़क पर नमाज पढ़ने लगे। इससे यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। इसकी शिकायत मिलने के बाद इंद्रलोक चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे और लोगों को सड़क खाली करने के लिए कहने लगे, लेकिन लोगों ने बातों को अनसुना कर दिया। इससे तैश में आकर मनोज लोगों को धक्का मारकर सड़क से दूर करने लगे।
इस दौरान उन्होंने नमाज पढ़ रहे कुछ लोगों को पीछे से लात मार दी। इससे लोग उत्तेजित हो गए और हाथापाई करने लगे। कुछ ही देर में नमाज खत्म होने के बाद बाहर निकले लोगों ने घटना को लेकर बवाल कर दिया और सभी इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास चौराहे पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। इस बीच जाम लगने से जखीरा पुल से नजफगढ़ रोड, शास्त्री नगर और केशवपुरम जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद जाम खुला।
कानून व्यवस्था बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। जिला पुलिस उपायुक्त और परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाने की कोशिश करने लगे। विरोध कर रहे लोगों ने आरोपी उप निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि वीडियो में दिख रहे नमाजियों को हटाने वाले चौकी इंचार्ज को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों से मिलकर कराया शांत
आक्रोशित लोगों को शांत करवाना काफी मुश्किल हो रहा था। ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने इलाके के जाने माने लोगों के साथ बैठक की और संदेश जारी करवाया कि इस मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई है। इसके बाद ही लोग शांत हुए और सड़क से जाम हटाया। पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने मस्जिद में शाम की नमाज अदा की। इस दौरान कोई भी नमाजी सड़क पर नहीं था।