शहर के अलग-अलग सेक्टरों बंद पड़े मकानों में हो रहे गैर कानूनी कार्यों पर लगाम लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा पुलिस इन पर नजर रखेगी। इसके लिए आरडब्ल्यूए की मदद से सत्यापन कार्य फिर से शुरू किया जाएगा। साथ ही कम आबादी वाले सेक्टरों की निगरानी के लिए पीसीआर की गश्त बढ़ाई जाएगी।
दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में शहर के सेक्टरों में कई गैरकानूनी गतिविधियां देखने को मिली हैं। इनमें ओमीक्रोन सेक्टर में नाइजीरियाई नागरिकों द्वारा नशीला पदार्थ बनाने के अलावा पीथ्री के एक घर में चोरी के वाहन रखने का मामला सामने आया था।
वहीं स्वर्ण नगरी में दो बार अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ और 28 जनवरी, बृहस्पतिवार को सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। इन कार्यों को आरोपी बंद पड़े मकानों का ताला तोड़कर गलत तरीके से करते पाए गए थे।
एसपी देहात संजय सिंह ने बताया कि अब तक कई ऐसे आपराधिक मामले सामने आए है। जिनमें अपराधी सेक्टर में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाते है। घरों को गैर कानूनी कार्य करने के लिए इस्तेमाल करते है। ऐसे कार्य न हो इसके लिए सभी सेक्टरों में सत्यापन कार्य शुरू होना चाहिए।
सेक्टरों में निरंतर सत्यापन अभियान चलना जरूरी है। उन्होंने सभी आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को अपने-अपने सेक्टरों में सत्यापन के लिए पुलिस की ओर से मदद का आश्वासन दिया है।