पुलिस की गिरफ्त में रवि काना और काजल झा
- फोटो : अमर उजाला
स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रवि काना को बुधवार को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने पांच दिन की रिमांड पर लिया। पुलिस ने रवि काना के कारोबार और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। बुधवार को पुलिस रवि को बिसरख और ईकोटेक-1 स्थित उसके स्क्रैप गोदामों में लेकर पहुंची। मौके पर दस्तावेज खंगाले गए। रवि को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है।
बुधवार की सुबह 10 बजे थाना नॉलेज पार्क पुलिस लुक्सर स्थित जिला कारागार पहुंची। डॉक्टरी परीक्षण के बाद जिला कारागार ने रवि काना को पुलिस के सुपुर्द किया। इसके बाद पुलिस रवि काना को बिसरख और ईकोटेक-1 स्थित स्क्रैप गोदामों पर ले गई। रवि के खानपान को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। गत 23 अप्रैल को रवि काना और उसकी महिला सहयोगी काजल झा को थाईलैंड में गिरफ्तार कर लिया गया था। 26 अप्रैल को दोनों को भारत लाया गया था।