छह महीने के अंदर उबर कैब में हुई दूसरी वारदात के बाद कैब एजेंसियों को लेकर पुलिस सख्त हो गई है। महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर गुड़गांव पुलिस ने थाना प्रभारियों को सभी ऑनलाइन आधारित कैब एजेंसियों का डाटा एकत्र करने का आदेश जारी किया है।
इसके अलावा उबर की गुड़गांव में चल रही कैब के चालकों का भी डाटा तैयार किया जाएगा। उबर कैब चालक द्वारा रोहिणी दिल्ली निवासी युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद मोबाइल एप पर आधारित कैब एजेंसियों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
घटना के बाद पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी चालक की शिकायत के लिए उसने उबर अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनके हेल्पलाइन नंबर तक नहीं मिल सके। इसे देखते हुए गुड़गांव में चल रहीं मोबाइल एप आधारित कैब एजेंसियों को लेकर गुड़गांव पुलिस सख्त हो गई है।