तीन दिन पहले सिकंदरपुर गांव में प्लॉट विवाद को लेकर हुए संघर्ष का मामला गरमा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे मामले को भोंडसी जेल में बंद गैंगस्टर राकेश की शह पर अंजाम दिया जा रहा है।
इस मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने सांसद राव इंद्रजीत सिंह से भी मुलाकात की और खेड़कीदौला थाने का घेराव करने के साथ पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत दी।
शिकायत के अनुसार, सिकंदरपुर में बिरेंद्र उर्फ बिल्लू की 250 गज के पुश्तैनी मकान को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। 16 जुलाई की रात को 50 से ज्यादा हथियारबंद युवक यहां पहुंचे और मकान पर कब्जा करने की कोशिश की।
ग्रामीणों का आरोप है कि बात बिगड़ने के बाद मुकेश ने धमकी देते हुए भोंडसी जेल में बंद हयातपुर कांड के मास्टर माइंड अपने भाई राकेश से मोबाइल पर बात कराते हुए जमीन खाली करने की धमकी दी। लेकिन दोनों पक्षों के अड़ जाने के बाद संघर्ष हो गया। इसमें दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने 45 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।