जैतपुर इलाके में बृहस्पतिवार को मिले युवक के सिर कटे शव की गुत्थी को सुलझा लिया है। घटनास्थल के पास मौजूद दुकानदार की मदद से बनाए गए स्केच की मदद से पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया।
शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में युवक के दो दोस्तों दानिश (25) और जलपुरा लखे कॉलोनी, ग्रेटर नोएडा निवासी मोहम्मद ताहिर (23) को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों ने महज सात हजार रुपये के लिए हलदौनी, ग्रेटर नोएडा निवासी शहजाद (23) की हत्या कर दी थी।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह जैतपुर स्थित एनटीपीसी के जंगल में युवक का सिर व हाथ कटा शव मिला था। शव से कुछ दूर पड़े सिर को पहचान छुपाने की नीयत से बुरी तरह कुचल गया था।
दुकानदार की मदद से स्कैच तैयार करवाकर खोला राज
काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हुई। जांच के दौरान घटनास्थल के नजदीक परचून की दुकान चलाने वाले शख्स ने बताया कि बुधवार रात को इसी तरह के कपड़े पहने युवक दो अन्य युवकों के साथ उसकी दुकान से पानी के पाउच खरीदकर ले गया था।
पुलिस ने दुकानदार की मदद से स्केच तैयार करवाकर दिल्ली-एनसीआर में भिजवा दिया। इधर शुक्रवार को ईकोटेक थर्ड थाना, ग्रेटर नोएडा में आजाद नामक युवक अपने भाई शहजाद की गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचा।
उसने स्केच देखकर अपने भाई होने की आशंका जताई। दिल्ली पुलिस ने उसे एम्स की मोर्चरी ले जाकर शव दिखाया तो आजाद ने शव की शिनाख्त अपने भाई शहजाद के रूप में कर ली।
सिर और हाथ शरीर से अलग कर दिया
आजाद ने बताया कि दानिश व ताहिर शहजाद को रंगाई- पुताई का बड़ा ठेका दिलवाने की बात कहकर अपने साथ ले गए थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया।
ताहिर ने बताया कि वह शहजाद के साथ काम करता था। शहजाद ने उसका सात हजार रुपये का नुकसान करा दिया था। इसी का बदला लेने के लिए उसने शहजाद की हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत दानिश व ताहिर ने उसे जंगल में ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसकी हत्या कर दी और सिर और हाथ शरीर से अलग कर दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने सिर को कुचल दिया था।